Accident News: तेज रफ्तार कार का कहर, चाय-नाश्ते के ठेले को रौंदा, एक पल में उजड़ गई 2 परिवारों की दुनिया

post 236

Accident News: तेज रफ्तार कार का कहर, चाय-नाश्ते के ठेले को रौंदा, एक पल में उजड़ गई 2 परिवारों की दुनिया

Accident News: उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। सुबह करीब सात बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने सड़क किनारे लगे नाश्ते के ठेले को एक कार ने तेज गति से टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि ठेला करीब 20 फीट दूर जा गिरा और आसपास खड़े होकर चाय-नाश्ता कर रहे लोग भी उसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार पहले नाश्ते के ठेले से टकराई और फिर पास खड़े चार लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। टक्कर के बाद कार करीब 150 मीटर दूर जाकर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि छीपा कॉलोनी निवासी अब्दुल मजीद (70) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहम्मद इमरान (35) ने एमबी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों रोज की तरह सुबह नमाज के बाद चाय पीने शक्ति टी स्टॉल पर आए थे। हादसे में घायल दो अन्य लोगों का एमबी अस्पताल में इलाज जारी है।

आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन:-

घटना की जानकारी मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों व घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि हादसे के कई घंटे बीत जाने के बावजूद कार चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई, जबकि वाहन की पहचान मौके पर ही हो चुकी थी।

सुबह करीब नौ बजे लगाया गया जाम लगभग तीन घंटे तक चला, जिसे पुलिस की समझाइश के बाद दोपहर करीब 12 बजे खुलवाया जा सका। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार दो लोगों को डिटेन कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। एमबी अस्पताल पहुंचे विधायक ताराचंद जैन के समक्ष भी लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग रखी।