Accident News: तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
Accident News: तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
Accident News: अलवर शहर में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को शोक में डुबो दिया। जगन्नाथ मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे जा रहे दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय सचिन मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई आशीष मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतक सचिन मीणा परवैणी गांव का रहने वाला था और अलवर के रूपबास इलाके में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसका भाई आशीष भी उसके साथ पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई कैटरिंग का काम खत्म कर वापस लौट रहे थे, तभी तेज गति से आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल आशीष को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने कार चालक की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।