Accident: शादी समारोह में जा रही मिनी बस अनियंत्रित होकर पलटी, दुल्हन सहित 15 लोग घायल

post 950 (1)

Accident News: राजस्थान के नागौर जिले में शादी समारोह में जा रहे लोगों की मिनी बस पलटने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। बासनी के पास रविवार सुबह हुए इस हादसे में दुल्हन सहित करीब 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार नायक समाज के लोग बापोड़ से नागौर में आयोजित स्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे बासनी से करीब पांच किलोमीटर पहले तेज रफ्तार मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

हादसे में घायल 15 लोगों में से 5 को बासनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 10 घायलों को नागौर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में पांच महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आवारा पशु आ जाने से चालक घबरा गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए बापोड़-बासनी मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया।