Accident: ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौके पर मौत; दो अन्य घायल

post 602 (1)

Accident: ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौके पर मौत; दो अन्य घायल

Accident: अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामोला चौराहे से आगे रूपबास पुलिया के पास ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार जाकिल (25) पुत्र मोहम्मद अख्तर निवासी रानीका नगीना (हरियाणा) अपने साथियों संतोष गुर्जर और महेन्द्र गुर्जर निवासी परसा का बास के साथ बाइक से रूपबास पुलिया से सामोला चौराहे की ओर जा रहा था। पुलिया से आगे निकलते ही सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जाकिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महेन्द्र को नाक, हाथ और पसलियों में चोट आई है, जबकि संतोष को मामूली चोटें आई हैं।

मृतक जाकिल कटी घाटी के पास स्थित मनसुखा हॉस्पिटल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। वह अपने भाई के साथ अस्पताल के पीछे किराए के कमरे में रहता था। इसके अलावा वह अंबेडकर नगर स्थित मंसा हॉस्पिटल में भी सेवाएं दे रहा था। बताया जा रहा है कि जाकिल अपने दोनों दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने के बाद मंसा हॉस्पिटल की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करते समय हादसा हो गया। जाकिल की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई और कुछ देर के लिए जाम लगाने की कोशिश भी की गई। बाद में अरावली विहार और सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और हालात सामान्य किए। इसके बाद शव को निजी वाहन से अस्पताल भिजवाया गया।