Accident: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, ट्रक में फंसकर घिसटती गई कार, दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत
Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। आलूदा क्षेत्र के पास तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में फंस गई और कई किलोमीटर तक घिसटती चली गई।
हादसे में कार सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि टक्कर के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और कार को काफी दूरी तक घसीटता रहा।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही पापड़दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल किया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी थे। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।


