ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, स्टेनोग्राफर को इतने रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया ट्रैप
Rajasthan News: एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) चौकी झुंझुनूं की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र में कार्यरत स्टेनोग्राफर नीरज कुमार को 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी प्रधानमंत्री एम्प्लॉयमेंट जनरेशन प्रोग्राम (PMEGP) योजना के तहत लोन स्वीकृत कराने के बदले परिवादी से पैसे मांग रहा था।
फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगे पैसे:-
एसीबी के अनुसार परिवादी ने जिला उद्योग विभाग में 5 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि फाइल को आगे बढ़ाने और लोन मंजूरी दिलाने के बदले स्टेनोग्राफर नीरज कुमार लगातार 2500 रुपये की रिश्वत मांगकर उसे परेशान कर रहा था।
परेशान होकर परिवादी ने एसीबी चौकी झुंझुनूं में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद 16 मार्च 2026 को एसीबी टीम ने गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।
ट्रैप लगाकर आरोपी को पकड़ा:-
सत्यापन के बाद एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के निर्देश पर ट्रैप की योजना बनाई गई। मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार पूनियां की निगरानी में पुलिस निरीक्षक सुरेश चंद के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
जैसे ही आरोपी नीरज कुमार ने परिवादी से 2500 रुपये लिए, एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
आरोपी के घर पर भी तलाशी:-
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। टीम ने आरोपी के सीकर स्थित आवास पर भी सर्च अभियान शुरू किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार पूनियां ने बताया कि यह कार्रवाई सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और आम लोगों को बिना रिश्वत के लाभ दिलाने के उद्देश्य से की गई है।