आधी रात राजस्थान में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, खेत में गिराई करोड़ों रुपए की ऐसी चीज; पुलिस-सीआईडी भी रह गई दंग
रायसिंहनगर। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव 43 पीएस की रोही क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हेरोइन तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। बीएसएफ की सूचना पर सीआईडी और समेजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 6 किलो 400 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 से 30 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

जानकारी के अनुसार बीएसएफ को इनपुट मिला था कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थ की खेप गिराई गई है। इसके बाद रविवार देर रात करीब 2:30 बजे सीआईडी और समेजा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव 43 पीएस की रोही में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान चने के खेत में छिपाकर रखे सात पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 6.400 किलोग्राम हेरोइन मिली।
एक तस्कर गिरफ्तार:-
कार्रवाई के दौरान हेरोइन की खेप लेने पहुंचे एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान सिमरजीत सिंह निवासी फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी की गांव 43 पीएस में रिश्तेदारी है और उसी संपर्क के जरिए वह यहां ड्रोन से गिराई गई हेरोइन लेने आया था।
सर्च अभियान चलाया:-
बताया जा रहा है कि आरोपी के साथ दो अन्य युवक भी हेरोइन की डिलीवरी लेने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस और बीएसएफ की कार्रवाई के दौरान वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल, पुलिस उप अधीक्षक मदनलाल और सीआईडी अधिकारी बलविंदर सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं, ताकि सीमा पार से चल रहे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।