कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, 2 युवकों की दर्दनाक मौत, परिजनों का इंतजार
कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, 2 युवकों की दर्दनाक मौत, परिजनों का इंतजार
बारां। झालावाड़ रोड पर धौलाकुआं के समीप गुरुवार शाम कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया गया है। परिजनों के जयपुर से पहुंचने के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवक एक रिश्तेदार महिला की गमी में शामिल होकर लौट रहे थे। जिला अस्पताल पहुंचे सदर थाना प्रभारी हीरालाल पूनिया ने बताया कि कुलदीप मोग्या बागरी (26) निवासी मनोहरपुर थाना अटरू और महेश मोग्या बागरी (27) बारां से बपावर की ओर जा रहे थे। धौलाकुआं के समीप सामने से तेज रफ्तार से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। फिलहाल परिजन जयपुर में हैं। उनके शुक्रवार को पहुंचने के बाद रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।