नए साल पर महंगाई की मार: कमर्शियल गैस सिलेंडर इतने रुपए हुआ महंगा , होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों पर बढ़ेगा बोझ
नए साल पर महंगाई की मार: कमर्शियल गैस सिलेंडर इतने रुपए हुआ महंगा , होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों पर बढ़ेगा बोझ
LPG Price Hike: नए साल की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने कारोबारियों की जेब पर असर डालना शुरू कर दिया है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 111 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें 1 जनवरी 2026 से पूरे देश में लागू हो चुकी हैं।
इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सेवाएं और छोटे खाद्य व्यवसाय सीधे प्रभावित होंगे। राजधानी जयपुर में जहां पहले 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर करीब 1608 रुपए में उपलब्ध था, अब इसके लिए कारोबारियों को लगभग 1719 रुपए चुकाने पड़ेंगे। गौरतलब है कि दिसंबर महीने में इन दामों में हल्की कटौती की गई थी, लेकिन नए साल के साथ ही बढ़ोतरी ने सारी राहत खत्म कर दी।
कारोबारियों पर बढ़ेगा बोझ:-
कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से व्यावसायिक गतिविधियों में किया जाता है। होटल, रेस्टोरेंट, कैंटीन, बैंक्वेट हॉल और स्ट्रीट फूड वेंडर इन्हीं सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं। चूंकि इन पर कोई सब्सिडी नहीं मिलती, इसलिए दाम बढ़ने का सीधा असर कारोबारियों की लागत पर पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि गैस महंगी होने से भोजन तैयार करने का खर्च बढ़ेगा, जिसका असर आगे चलकर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिख सकता है।
पर्यटन सीजन में घट सकता है मुनाफा:-
जयपुर होटल एसोसिएशन और रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार, पर्यटन सीजन के दौरान खर्च बढ़ने से मुनाफा प्रभावित होगा। कई रेस्टोरेंट मालिकों ने संकेत दिए हैं कि यदि यही स्थिति बनी रही तो मेन्यू की कीमतों में बढ़ोतरी करना मजबूरी बन सकती है। वहीं, छोटे ढाबे और स्ट्रीट फूड वेंडर सबसे ज्यादा दबाव में नजर आ रहे हैं, जिनका मासिक खर्च अब हजारों रुपए तक बढ़ सकता है।
हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडर अभी भी 850 से 960 रुपए के दायरे में उपलब्ध है, जिससे आम परिवार नए साल की इस महंगाई से फिलहाल सुरक्षित हैं।