राजस्थान में गौ संरक्षण को मिलेगा नया ढांचा, भजनलाल सरकार जल्द लागू करेगी ‘गौ सेवा नीति 2026’
Rajasthan News: राजस्थान में गौ संरक्षण और पशुधन विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार जल्द ही ‘गौ सेवा नीति 2026’ लागू करने की तैयारी में है। भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में तैयार हो रही इस नीति का उद्देश्य गौ कल्याण को मजबूत करना और किसानों व पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है।
गौ संरक्षण को मिलेगा व्यवस्थित ढांचा:-
मुख्यमंत्री जनसंपर्क प्रकोष्ठ के मुताबिक राज्य सरकार गौ सेवा और संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को संगठित रूप देने के लिए नई नीति पर काम कर रही है। इसके तहत गोधन के संरक्षण के साथ-साथ पशुपालकों और किसानों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल:-
सरकार का मानना है कि पशुधन आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस सोच को भी आगे बढ़ाएगी, जिसमें किसान, महिला, युवा और मजदूर—इन चार वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है।
पशुपालकों के लिए पहले से कई योजनाएं:-
पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने पशुधन संरक्षण और पशुपालकों के हित में कई योजनाएं लागू की हैं। इनमें मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा और सहायता मिल रही है।
गौशालाओं को मिल रहा अनुदान:-
प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं को भी सरकार की ओर से नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। बड़े पशुओं के लिए प्रतिदिन 50 रुपये और छोटे पशुओं के लिए 25 रुपये का अनुदान दिया जाता है, जिससे गौशालाओं के संचालन में सहूलियत मिलती है।