Khatushyamji: फाल्गुनी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, प्रशासन ने अफवाहों और भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील

post 759 (1)

Khatushyamji: फाल्गुनी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, प्रशासन ने अफवाहों और भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील

सीकर: देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल खाटू श्याम मंदिर में चल रहे फाल्गुनी मेले के दौरान इस बार प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को व्यवस्थित और अपेक्षाकृत शीघ्र दर्शन का लाभ मिल रहा है। संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और पार्किंग प्रबंधन को विशेष रणनीति के तहत संचालित किया है।

मेला मजिस्ट्रेट एवं दांतारामगढ़ एसडीएम मोनिका सामोर ने बताया कि रींगस से पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को लगभग 17 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। प्रशासन के नए रूट प्लान के अनुसार खाटू पहुंचने के बाद मंदिर परिसर तक अधिकतम 3 से 4 किलोमीटर अतिरिक्त मार्ग ही तय करना पड़ रहा है। इस प्रकार रींगस से मंदिर तक कुल दूरी लगभग 20 से 22 किलोमीटर रहती है, जिसके बाद भक्तों को सुगम दर्शन हो पा रहे हैं। हालांकि एकादशी और द्वादशी पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के चलते यह दूरी 26 से 28 किलोमीटर तक हो सकती है।

कड़ी सुरक्षा और निगरानी:-

एसडीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। मेले को 22 सेक्टरों में बांटा गया है, ताकि भीड़ नियंत्रण प्रभावी ढंग से किया जा सके। सुरक्षा के लिए 5000 से अधिक पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल तैनात हैं। मेला क्षेत्र में 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 6 ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।

पार्किंग और यातायात प्रबंधन:-

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। करीब 40 बीघा क्षेत्र में न्यू होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां लगभग 25 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। पार्किंग को 4 रंग-कोड श्रेणियों में विभाजित किया गया है, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं:-

मंदिर तक पहुंचने में सहूलियत के लिए 2000 ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं, जो बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 12 मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, जहां 325 चिकित्साकर्मी तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 22 एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रखी गई हैं।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि हर श्याम भक्त को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित दर्शन का अनुभव मिल सके।

You may have missed