Cyber Fraud: सावधान! फास्टैग का ‘एनुअल पास’ बनवाने जा रहे हैं तो ठहरिए, गूगल सर्च पर बिछा है साइबर ठगों का जाल

post 726 (1)

Cyber Fraud: सावधान! फास्टैग का ‘एनुअल पास’ बनवाने जा रहे हैं तो ठहरिए, गूगल सर्च पर बिछा है साइबर ठगों का जाल

यदि आप अपने वाहन के लिए National Highways Authority of India (एनएचएआई) का फास्टैग एनुअल पास बनवाने या रिन्यू कराने जा रहे हैं, तो सतर्क रहें। साइबर ठगों ने गूगल सर्च का दुरुपयोग करते हुए एनएचएआई जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट्स तैयार कर लोगों को ठगना शुरू कर दिया है। संजय अग्रवाल, महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) ने इस नए फिशिंग स्कैम को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है।

गूगल के ‘टॉप रिजल्ट’ में छिपा जाल:-

डीजीपी के अनुसार, साइबर अपराधी गूगल एड्स और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO) का इस्तेमाल कर अपनी फर्जी वेबसाइट्स को सर्च रिजल्ट में सबसे ऊपर दिखा रहे हैं। ये लिंक ‘प्रायोजित’ टैग के साथ दिखाई देते हैं। आमतौर पर लोग पहले लिंक पर भरोसा कर क्लिक कर देते हैं, जिसका फायदा ठग उठा रहे हैं।

इन वेबसाइट्स का डिजाइन, रंग और लोगो असली एनएचएआई पोर्टल से हूबहू मिलता-जुलता होता है, जिससे आमजन आसानी से भ्रमित हो जाते हैं।

क्यूआर कोड स्कैन करते ही खाते से उड़ रहे 3000 रुपये

फर्जी वेबसाइट पर यूजर से वार्षिक पास के नाम पर लगभग 3000 रुपये मांगे जाते हैं। भुगतान के लिए क्यूआर कोड दिया जाता है। जैसे ही व्यक्ति कोड स्कैन कर पेमेंट करता है, राशि सरकारी खाते में जाने के बजाय सीधे अपराधियों के ‘म्यूल अकाउंट’ में ट्रांसफर हो जाती है।

ऐसे करें असली-नकली की पहचान

  • फास्टैग पास या रिन्यूअल के लिए केवल आधिकारिक ऐप या अधिकृत बैंक पोर्टल का ही उपयोग करें।
  • गूगल सर्च में दिख रहे संदिग्ध या मिलते-जुलते लिंक पर क्लिक करने से बचें।
  • क्यूआर कोड स्कैन करते समय यदि किसी व्यक्ति विशेष का नाम (जैसे “सरिता देवी” आदि) दिखाई दे, तो तुरंत पेमेंट रद्द करें। सरकारी भुगतान कभी व्यक्तिगत नाम पर नहीं होते।
  • अपनी बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी या कार्ड जानकारी किसी भी अनजान लिंक या व्यक्ति के साथ साझा न करें।
  • किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत भारत सरकार के आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

डीजीपी ने आमजन से अपील की है कि सुविधा के चक्कर में जल्दबाजी न करें और किसी भी ऑनलाइन भुगतान से पहले वेबसाइट की प्रामाणिकता अवश्य जांच लें।