Rajasthan: लॉरेंस गैंग की ‘मैडम जहर’ गिरफ्तार, ब्यूटी पार्लर की आड़ में चला रही थी ड्रग्स-हथियारों का सिंडिकेट

post 703 (1)

Rajasthan: लॉरेंस गैंग की ‘मैडम जहर’ गिरफ्तार, ब्यूटी पार्लर की आड़ में चला रही थी ड्रग्स-हथियारों का सिंडिकेट

Lawrence Bishnoi Gang: अंडरवर्ल्ड की दुनिया में अब अपराध का चेहरा बदलता नजर आ रहा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक कथित ‘लेडी डॉन’ को गिरफ्तार कर बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा, जिसे अपराध जगत में ‘मैडम जहर’ कहा जाता है, पुलिस की गिरफ्त में है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा से जुड़े मॉड्यूल में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।

पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी सिर्फ एक आरोपी की पकड़ नहीं, बल्कि उस कथित ‘महिला विंग’ का पर्दाफाश है, जो दिल्ली-NCR में ड्रग्स और अवैध हथियारों के नेटवर्क को संभाल रहा था।

ब्यूटी पार्लर की आड़ में नेटवर्क

जांच में सामने आया कि नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में संचालित एक ब्यूटी पार्लर इस नेटवर्क का कथित फ्रंट था। बाहर से यह एक सामान्य पार्लर दिखता था, लेकिन पुलिस के अनुसार इसकी आड़ में ड्रग्स सप्लाई, हथियारों की डीलिंग और गैंग के सदस्यों के बीच समन्वय का काम होता था। नेहा कथित तौर पर फरार अपराधियों को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने और मैसेजिंग चैनल संभालने में भी शामिल थी।

बॉबी कबूतर से गहरा संबंध

नेहा का नाम गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर के साथ जुड़कर सामने आया है, जिसे गिरोह का मुख्य गन सप्लायर माना जाता है। पुलिस के मुताबिक दोनों पिछले कई वर्षों से साथ रह रहे थे। बॉबी लंबे समय से फरार चल रहा था और और इस लंबी फरारी में नेहा उसकी सबसे बड़ी ढाल बनी हुई थी।

स्पेशल सेल ने टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया सूचना के आधार पर महिपालपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर बॉबी, नेहा और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया। मौके से कथित तौर पर भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की गई।

चर्चित मामलों में जांच

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से पहले की रेकी में बॉबी की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी तरह अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में भी उसका नाम सामने आया है। दिल्ली के चर्चित नादिर शाह हत्याकांड और सीलमपुर डबल मर्डर में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई कड़ी भी इसी नेटवर्क से जुड़ी होने की आशंका जताई गई है।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल

बॉबी कबूतर का नेटवर्क सिर्फ भारत तक सीमित नहीं था। वह एशिया के कुख्यात हथियार तस्कर सलीम पिस्टल के संपर्क में था, जो नेपाल-भारत बॉर्डर से पकड़ा जा चुका है। सलीम पिस्टल के तार सीधे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हुए थे। सलीम से मिले अवैध हथियारों की खेप बॉबी और नेहा के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग तक पहुंचती थी।

गैंग में महिलाओं की बढ़ती भूमिका

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरोह अब महिलाओं को फ्रंट फेस बनाकर ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि शक कम हो और गतिविधियां आसानी से संचालित हो सकें। इससे पहले भी कुछ महिला नाम गैंग से जुड़े मामलों में सामने आ चुके हैं।

फिलहाल स्पेशल सेल नेहा से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और उनका अगला टारगेट कौन था। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स और हथियारों के कथित सिंडिकेट को बड़ा झटका लगा है। आने वाले दिनों में पूछताछ से और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

You may have missed