प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, फंदे से लटका मिला था युवक का शव
प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, फंदे से लटका मिला था युवक का शव
जालोर में युवक की मौत के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां बरसाई। 3 दिन से मॉर्च्युरी के बाहर धरना चल रहा था। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे उग्र भीड़ मॉर्च्युरी से उठकर SDM ऑफिस के सामने नेशनल हाईवे-325 (सांडेराव-बाड़मेर) को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। BAP जिलाध्यक्ष छगन लाल मीणा को हिरासत में ले लिया। लाठीचार्ज में छगन मीणा के सिर में चोट भी लगी है। मामला मंगलवार दोपहर आहोर उपखंड मुख्यालय का है। प्रदर्शन में 3 जिलों (जालोर, पाली, सिरोही) से समाज के लोग शामिल हुए थे। दरअसल, 7 फरवरी की शाम को भाद्राजून थाना क्षेत्र के गोलिया गांव में युवक अशोक कुमार मीणा (45) का शव घर में फंदे से लटका मिला था। परिजनों का कहना है कि अशोक के पांव जमीन से टिके हुए थे। उसको मारकर लटकाया गया है। गोलिया गांव निवासी अशोक कुमार का शव शनिवार को घर में फंदे से लटका मिला। अशोक कुमार के भाई अमृत लाल मीणा ने 8 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें बताया- कुछ समय पहले पांचोटा निवासी देवी सिंह उनके घर आया था। वह मेरे एक अन्य भाई खेताराम को गुजरात में काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। गुजरात में अवैध शराब परिवहन के दौरान देवी सिंह का वाहन पकड़ा गया। देवी सिंह मौके से फरार हो गया, जबकि मेरा भाई खेताराम गिरफ्तार हो गया, उसे पालनपुर जेल भेज दिया गया। 7 फरवरी को अशोक खेताराम को जेल से छुड़वाने को लेकर देवी सिंह से मिलने पांचोटा गांव गया था। इस दौरान देवी सिंह ने अशोक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। देवी सिंह फोन पर भी अशोक को धमकियां दे रहा था।