Rajasthan Assembly: टोल मुक्त राजस्थान की गूंज, सदन में फिर उठी स्टेट हाईवे टोल हटाने की मांग, विधायक ने बताया इसे ‘बीमारी’

post 456 (1)

Rajasthan Assembly: टोल मुक्त राजस्थान की गूंज, सदन में फिर उठी स्टेट हाईवे टोल हटाने की मांग, विधायक ने बताया इसे ‘बीमारी’

Rajasthan Assembly: राजस्थान में एक बार फिर स्टेट हाईवे को टोल-मुक्त करने की मांग उठी है। गुरुवार को विधानसभा में बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली ने प्रदेशभर में लगे टोल नाकों को ‘बीमारी’ करार देते हुए इन्हें समाप्त करने की मांग रखी। उन्होंने पर्ची के माध्यम से यह मुद्दा उठाया और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री से पूरे प्रदेश को टोल-मुक्त करने का आग्रह किया।

वसुंधरा सरकार में हटे थे टोल, कांग्रेस ने दोबारा लगाए—कोली

विधायक कोली ने कहा कि वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में स्टेट हाईवे से टोल हटाए गए थे, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली थी। उनका आरोप है कि कांग्रेस सरकार के आने के बाद टोल नाके फिर से शुरू कर दिए गए। कोली ने सदन में कहा कि वे इस ‘टोल की बीमारी’ के दुष्प्रभावों से सरकार को अवगत कराना चाहते हैं।

एक ही क्षेत्र में कई टोल, जनता पर बढ़ा बोझ:-

अपने वैर विधानसभा क्षेत्र का हवाला देते हुए विधायक ने बताया कि इकरामपुर टोल के आसपास महज 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर भुसावर और छोकरवाड़ा जैसे कई टोल नाके मौजूद हैं। इतने कम अंतराल पर टोल वसूली से आम आदमी और किसान वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

पूरे प्रदेश से टोल हटाने की मांग:-

बहादुर सिंह कोली ने पीडब्ल्यूडी मंत्री से मांग की कि टोल की यह व्यवस्था केवल उनके क्षेत्र से ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान से समाप्त की जाए। उन्होंने कहा कि यदि पुरानी नीति को दोबारा लागू किया जाता है, तो प्रदेश की जनता को महंगाई और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों से बड़ी राहत मिल सकती है।