राजस्थान विधानसभा : रविंद्र सिंह भाटी ने उठाया ‘मुद्दा’, तो दिया कुमारी का आया ये जवाब

post 431 (1)

राजस्थान विधानसभा : रविंद्र सिंह भाटी ने उठाया ‘मुद्दा’, तो दिया कुमारी का आया ये जवाब

जयपुर: राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान सरहदी जिला बाड़मेर की जर्जर सड़कों का मुद्दा सदन में छाया रहा। निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अपने विधानसभा क्षेत्र शिव समेत पूरे बाड़मेर की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया। जवाब में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सदन को भरोसा दिलाया कि सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और बाड़मेर की सड़कों की विशेष जांच करवाई जाएगी।

ग्रामीण सड़कों की हालत पर सरकार से सवाल:-

विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने बाड़मेर की ग्रामीण सड़कों की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए पूछा कि आखिर सीमावर्ती इलाकों के लोगों को कब तक गड्ढों से भरी सड़कों पर सफर करना पड़ेगा। उन्होंने जिले में प्रस्तावित सड़क मरम्मत कार्यों की स्थिति और उनकी प्रगति को लेकर स्पष्ट जवाब माँगा।

17 में से 7 कार्य पूरे, बाकी प्रगति पर’

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने लिखित व मौखिक जवाब में बताया कि पिछले वर्ष प्रति विधानसभा क्षेत्र 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के कार्य स्वीकृत किए गए थे। बाड़मेर जिले में कुल 17 सड़कों के कार्य मंजूर किए गए, जिनमें से 7 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष पर काम तेज़ी से जारी है और समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़कों की होगी तकनीकी जांच:-

अधूरी सड़कों और गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर उपमुख्यमंत्री ने बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा चिन्हित सड़कों की विभागीय व तकनीकी जांच (वेरिफिकेशन) करवाई जाएगी। जहाँ भी सड़कें खराब स्थिति में पाई जाएंगी या तकनीकी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर बजट जारी कर नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा।

सीमावर्ती जिलों पर सरकार का खास फोकस:-

दिया कुमारी ने सदन में यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिले—बाड़मेर और जैसलमेर—सरकार की ‘विकसित राजस्थान’ योजना का अहम हिस्सा हैं। सामरिक सुरक्षा और पर्यटन की दृष्टि से इन इलाकों में मजबूत सड़क नेटवर्क बेहद जरूरी है, जिसे लेकर विभाग ठोस कार्ययोजना पर काम कर रहा है।

युवा जोश बनाम अनुभव की झलक:-

सदन में रविंद्र सिंह भाटी के बेबाक सवालों और दिया कुमारी के संतुलित जवाबों ने सभी का ध्यान खींचा। युवा विधायक जहाँ क्षेत्र की जनता की आवाज बने नजर आए, वहीं उपमुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास में किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा और बाड़मेर की सड़कों की तस्वीर जल्द बदलेगी।

You may have missed