SOG Action: किराए के कमरे में छिपा था SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक का मास्टरमाइंड, 50,000 के इनामी को SOG ने यूं दबोचा
SI Recruitment Exam-2021: प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता और लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले एसआइ भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक गिरोह के मास्टरमाइंड अशोक बिश्नोई को पुलिस ने दबोच लिया है। फलौदी पुलिस ने आरोपी को एसओजी जयपुर के सुपुर्द कर दिया।
फलौदी एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि आरोपी अशोक बिश्नोई, निवासी मटोलचक (खारा), थाना फलौदी, लगभग ढाई साल से फरार था। फरारी के दौरान आरोपी ने अपना नाम, पहचान और वेश बदलकर देश के अलग-अलग हिस्सों में रहकर पुलिस को चकमा दिया।
सूरतगढ़ में किराए के कमरे से यूं दबोचा:-
डीएसटी के कांस्टेबल किशनाराम को सूचना मिली कि अशोक सूरतगढ़ में छिपा है। आरोपी रीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र सुनील के नाम से किराए के कमरे में रह रहा था। टीम ने चालाकी से उसे कमरे से बाहर बुलाकर गिरफ्तार किया। एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि आरोपी बेंगलुरु, जोधपुर सहित कई जगहों पर फरारी काट चुका था। अब पुलिस को पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासों की उम्मीद है।
सूरतगढ़ को छिपने के लिए इसलिए चुना गया, क्योंकि यह शिक्षा का बड़ा केंद्र है और दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए यहां आते हैं। क्षेत्र शांत और बाहरी नजरों से दूर होने के कारण आरोपी ने इसे अपना ठिकाना बनाया। फलौदी पुलिस ने उसकी मौजूदगी की पुष्टि कर सफल गिरफ्तारी की।
अब तक 137 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार:-
एसओजी ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में अब तक 137 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें 63 एसआई, 6 चयनित एसआई और अन्य शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ प्रशिक्षु एसआई ने डमी अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में बैठाकर अवैध चयन हासिल किया।
पुलिस की सतर्कता और एसओजी की लगातार कार्रवाई से इस पेपर लीक गिरोह पर बड़ी चोट लगी है और आगामी जांच में और कई खुलासे होने की संभावना है।


