राजस्थान में अब तक की सबसे बड़ी विस्फोटक सामग्री जब्त, क्या था सुलेमान खान का प्लान? जांच के लिए पहुंची स्पेशल टीम

राजस्थान में अब तक की सबसे बड़ी विस्फोटक सामग्री जब्त, क्या था सुलेमान खान का प्लान? जांच के लिए पहुंची स्पेशल टीम

Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने एक फार्महाउस से लगभग 10,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस मामले में सुलेमान खान को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह राज्य में अब तक बरामद की गई सबसे बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्रालय अलर्ट मोड पर है।

बड़े नेटवर्क का शक:-

सोमवार को गृह मंत्रालय की विशेष टीम और खुफिया विभाग की टीमें हरसौर गांव में जांच के लिए पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में बड़े नेटवर्क और किसी बड़ी साजिश के शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है। जांच यह पता लगाने में लगी है कि विस्फोटक कहां से लाए गए थे, इसका इस्तेमाल कहां होना था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी।

खुफिया सूचना के बाद रेड:-

नागौर एसपी मृदुल कछावा ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से खुफिया सूचना मिल रही थी कि जिले में बड़े पैमाने पर विस्फोटक पदार्थों की खरीद-बिक्री और भंडारण हो रहा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने 24 जनवरी को हरसौर गांव में बने फार्महाउस पर छापा मारा।

फार्महाउस से 187 बोरियों में कुल 9,550 किलो अमोनियम नाइट्रेट, डेटोनेटर, डेटोनेटिंग वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसके बाद सुलेमान खान को गिरफ्तार किया गया।

45 बीघा जमीन पर स्थित फार्महाउस:-

सुलेमान खान का फार्महाउस हरसौर गांव के शांत इलाके में 45 बीघा जमीन में फैला है। यहां 2-3 कमरों में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। सुलेमान पहले लीगल विस्फोटक मैगजीन संचालित करता था और बारूद बनाने, स्टोर करने तथा सप्लाई करने की पूरी तकनीकी जानकारी रखता था। लाइसेंस खत्म होने के बाद उसने अवैध तरीके से बारूद बनाना और बेचना शुरू कर दिया।

सुलेमान पर पहले भी विस्फोटक अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से एक में उसे बरी कर दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि एक ही स्थान पर इतनी बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट मिलना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरे का संकेत है।

Scroll to Top