खाजूवाला : क्षेत्र में बढ़ रहा प्रतिबंधित व्हाइट लाइटों का क्रेज, यातायात नियमों की उड़ रही धज्जियां
R.खबर ब्यूरो। खाजूवाला, क्षेत्र में इन दिनों वाहनों पर प्रतिबंधित तेज़ व्हाइट लाइटों का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। खासकर युवा वाहन चालक अपनी गाड़ियों और मोटरसाइकिलों में तेज़ रोशनी वाली व्हाइट व एलईडी लाइटें लगवाकर सरेआम यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इन प्रतिबंधित लाइटों के कारण आम राहगीरों और सामने से आने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रात्रि के समय जब ये वाहन तेज़ व्हाइट लाइट जलाकर सड़कों पर दौड़ते हैं तो सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों पर सीधा असर पड़ता है। कई बार कुछ सेकंड के लिए दिखाई देना बंद हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन लाइटों के कारण पहले भी कई बार हादसे होते-होते बचे हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे।
यातायात नियमों के अनुसार अत्यधिक तेज़ और प्रतिबंधित लाइटों का उपयोग करना कानूनन अपराध है, लेकिन खाजूवाला क्षेत्र में इन नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा। बाजार, मुख्य सड़कों और ग्रामीण मार्गों पर खुलेआम ऐसी लाइटों का उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में सड़क हादसों की संख्या में इजाफा हो सकता है। जरूरत इस बात की है कि यातायात पुलिस नियमित जांच अभियान चलाकर प्रतिबंधित लाइट लगाने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाए और नियमों का सख्ती से पालन करवाए, ताकि सड़कों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
वर्जन:-
वाहन चालकों द्वारा वाइट प्रतिबंधित लाईंटे अपने वाहनों पर लगाना गलत है। इस संबंध में समय समय पर कार्यवाहियां की जा रही है। वही आगामी दिनों में सड़क सुरक्षा के मद्देनजर अभियान चलाया जाएगा।
सुरेंद्र बेनीवाल,
मोटर वाहन, उपनिरीक्षक


