Rajasthan Teacher Transfer: जिस शिक्षक ने बच्चों को हवाई यात्रा कराई, उनके तबादले पर अनशन पर बैठे छात्र ,विरोध में गांव का बाजार भी बंद

Rajasthan Teacher Transfer: जिस शिक्षक ने बच्चों को हवाई यात्रा कराई, उनके तबादले पर अनशन पर बैठे छात्र ,विरोध में गांव का बाजार भी बंद

Rajasthan Teacher Transfer: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के नंदराय गांव में एक शिक्षक के प्रति छात्रों और ग्रामीणों का अभूतपूर्व लगाव देखने को मिल रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा शनिवार को जारी तबादला सूची में व्याख्याता शंकरलाल जाट का नाम आने के बाद पूरे गांव में मायूसी छा गई। यह मायूसी जल्द ही विरोध में बदल गई और छात्र-छात्राएं कड़ाके की ठंड में स्कूल के बाहर अनशन पर बैठ गए।

सोमवार रात करीब 10 बजे से ही विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर के बाहर डेरा डाल दिया। भीषण ठंड के बावजूद बच्चे अपने फैसले पर अडिग हैं। मंगलवार सुबह छात्राओं ने भी आंदोलन में शामिल होकर विरोध को और मजबूती दी। छात्रों का साफ कहना है कि जब तक शंकरलाल जाट का तबादला रद्द नहीं किया जाता, उनका अनशन जारी रहेगा। दोपहर बाद ग्रामीणों ने भी समर्थन जताते हुए गांव का बाजार बंद कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह विरोध केवल एक तबादले के खिलाफ नहीं, बल्कि उस सकारात्मक बदलाव के समर्थन में है जो शंकरलाल जाट ने गांव के स्कूल में किया। सितंबर 2025 में शंकरलाल जाट और शिक्षक अजय कुमार ने अपने निजी खर्च पर 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले पांच छात्रों को दीव-दमन और अहमदाबाद की हवाई यात्रा करवाई। इस दौरान छात्रों को सोमनाथ मंदिर, आईएनएस खुकरी और साबरमती रिवरफ्रंट जैसे स्थानों का भ्रमण कराकर उन्हें किताबों से आगे की दुनिया से रूबरू कराया गया।

इतना ही नहीं, जिस सरकारी स्कूल के परिणाम पहले औसत रहते थे, वहां इनके प्रयासों से उल्लेखनीय सुधार हुआ। हालिया परीक्षा परिणामों में 52 में से 48 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। ग्रामीणों का कहना है कि कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में शंकरलाल जाट ने स्कूल की व्यवस्था सुधारने के साथ बच्चों के भविष्य को नई दिशा दी है। उनका तबादला होने से स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा। विद्यार्थियों का कहना है कि जिसने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, उसे उनसे दूर करना न्यायसंगत नहीं है।

Scroll to Top