Rajasthan: दूध बेचने वाला बना ‘फर्जी थानेदार’, खाकी पहनकर युवाओं को लगाया लाखों का चूना; ऐसे हुआ पर्दाफाश
Rajasthan: दूध बेचने वाला बना ‘फर्जी थानेदार’, खाकी पहनकर युवाओं को लगाया लाखों का चूना; ऐसे हुआ पर्दाफाश
Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस ने एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी चौंकाने वाली है। कभी गाय-भैंस बेचकर और दूध की डेयरी चलाकर गुजर-बसर करने वाला यह शख्स रातों-रात अमीर बनने की चाह में फर्जी पुलिस अफसर बन बैठा। खुद को थानेदार बताकर ठगी करने वाले इस बहरूपिये को सिंधी कैंप पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सिंधी कैंप इलाके से दबोचा गया फर्जी रमन शर्मा:-
सिंधी कैंप थाना प्रभारी माधो सिंह ने बताया कि काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में एक व्यक्ति खुद को स्पेशल टीम का थानेदार बताकर लोगों से ठगी कर रहा है। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ रमन शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी करौली जिले के टोडाभीम का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कांस्टेबल रैंक का फर्जी पुलिस पहचान पत्र, सब-इंस्पेक्टर की वर्दी, पुलिस कैप, बेल्ट और ठगी से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए गए।
सरकारी नौकरी का झांसा देकर ऐंठे लाखों रुपये:-
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाता था। जयपुर आए एक युवक को वनपाल की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसने लाखों रुपये एडवांस में ले लिए। जब न नौकरी मिली और न ही पैसे लौटाए गए, तब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
स्पेशल टीम का रौब दिखाकर करता था ठगी:-
पूछताछ में पता चला कि आरोपी खुद को पुलिस की स्पेशल टीम (DST) का थानेदार बताकर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले युवाओं को फंसाता था। नौकरी लगवाने या केस से बाहर निकालने के नाम पर वह पहले पैसे लेता और फिर गायब हो जाता था।
ईमानदारी का धंधा छोड़ अपनाया अपराध का रास्ता:-
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का असली पेशा दूध की डेयरी चलाना था। कम समय में अमीर बनने की चाहत ने उसे अपराध की राह पर डाल दिया। बाजार से वर्दी और पुलिस कैप खरीदकर उसने खाकी का रौब दिखाया और लोगों के भरोसे का गलत फायदा उठाने लगा।