फैक्ट्री में जिंदा जला आगरा का मजदूर, सोते समय बीड़ी से भड़की आग

8

फैक्ट्री में जिंदा जला आगरा का मजदूर, सोते समय बीड़ी से भड़की आग

जैसलमेर। निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में सो रहे मजदूर की बीड़ी की चिंगारी से लगी आग में जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ, जब काम पर पहुंचे साथी मजदूर उसे बुलाने कमरे तक पहुंचे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जवाहिर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। सोमवार को परिजनों के आने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। हादसा रीको शिल्पग्राम क्षेत्र में शनिवार रात को हुई। SHO सुरजाराम जाखड़ ने बताया- प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शनिवार रात दीवानाराम (46) निवासी आगरा बीड़ी पीते हुए सो गया था। बीड़ी की चिंगारी से रजाई में आग फैलती चली गई। कमरे में धीरे-धीरे धुआं भर गया। नींद में होने के कारण दीवानाराम को संभलने का मौका नहीं मिला। आग में झुलसने और धुएं में दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह जब दीवानाराम काफी देर तक काम पर नहीं पहुंचा, तो उसके साथी मजदूर उसे बुलाने कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही अंदर धुएं का गुबार और जले हुए सामान की बदबू फैली हुई थी। कमरे के अंदर दीवानाराम का शव झुलसी अवस्था में पड़ा था। इसके बाद तुरंत ठेकेदार और पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली थाना प्रभारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

You may have missed