Rajasthan Panchayat Elections : पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव आयोग का बड़ा निर्णय, ईवीएम से नहीं होंगे पंच-सरपंच चुनाव

POST 11

Rajasthan Panchayat Elections : पंचायत चुनाव को लेकर चुनाव आयोग का बड़ा निर्णय, ईवीएम से नहीं होंगे पंच-सरपंच चुनाव

Rajasthan Panchayat Elections : पंचायत चुनाव 2026 में मतदाताओं को एक बार फिर ईवीएम की जगह मतपत्र से मतदान करना होगा। पंच और सरपंच पद के लिए बैलेट पेपर से वोटिंग कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतपत्र को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है, ताकि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और भ्रमरहित बनी रहे।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश वर्मा ने मतपत्र के रंग, आकार, डिजाइन, बॉर्डर लाइन और नोटा से जुड़े निर्देश जारी किए हैं। पंच पद के लिए गुलाबी रंग के मतपत्र और सरपंच पद के लिए सफेद रंग के मतपत्र का उपयोग किया जाएगा।

मतपत्र की प्रत्येक कॉलम की चौड़ाई 4 इंच तय की गई है। प्रत्याशियों की संख्या कम होने पर मतपत्र एक कॉलम में और अधिक होने पर दो या तीन कॉलम में छापा जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले पंचायत चुनाव में ईवीएम से मतदान कराया गया था।

मतपत्र के ऊपर और नीचे काली बॉर्डर लाइन अनिवार्य होगी। प्रत्याशियों के नाम के बीच 1.25 सेमी चौड़ी शेडेड पट्टी रहेगी। यदि मतपत्र दो कॉलम में होगा तो कॉलमों के बीच 1 सेमी चौड़ी खड़ी शेडेड लाइन दी जाएगी, जिससे मतदाता को नाम पहचानने में आसानी हो।

मतपत्र पर प्रत्याशियों के नाम हिंदी वर्णक्रम में छपे होंगे। प्रत्येक नाम के सामने निर्धारित चुनाव चिन्ह रहेगा। अंतिम में ‘नोटा (इनमें से कोई नहीं)’ का विकल्प अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। चुनाव चिन्ह और नोटा के प्रतीक का आकार 3.5 सेमी × 2 सेमी से अधिक नहीं होगा।

यदि नोटा सहित प्रत्याशियों की संख्या 9 तक है तो मतपत्र एक कॉलम में होगा। 10 से 18 प्रत्याशियों पर दो कॉलम और 18 से अधिक होने पर तीन या उससे अधिक कॉलम में मतपत्र तैयार किया जाएगा। हर कॉलम में प्रत्याशियों की संख्या समान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मतपत्र के ऊपरी हिस्से में पंचायत का नाम, वार्ड संख्या, निर्वाचन विवरण, सामान्य या उपचुनाव का उल्लेख और चुनाव वर्ष अंकित किया जाएगा। सभी विवरण देवनागरी लिपि में होंगे। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मतपत्र छपाई से पहले नमूनों की जांच कर ली जाए और दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।