44 साल के असिस्टेंट प्रोफेसर की हार्ट अटैक से मौत, बाथरूम से निकलते ही गिर पड़े
44 साल के असिस्टेंट प्रोफेसर की हार्ट अटैक से मौत, बाथरूम से निकलते ही गिर पड़े
अलवर में शुक्रवार को 44 साल के असिस्टेंट प्रोफेसर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे सुबह करीब 5:15 बजे बाथरूम से निकलते ही अचानक गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अग्नि देव आर्य एनईबी थाना क्षेत्र के दाउदपुर स्थित जनकपुरी कॉलोनी के रहने वाले थे। वे 18 साल से बाबू शोभाराम आट्र्स कॉलेज में कार्यरत थे। इसी कॉलेज में उनके चाचा अशोक आर्य प्रिंसिपल हैं। जिला अस्पताल के डॉ. सिद्धार्थ विजयवर्गीय ने बताया- हार्ट का साइज कुछ फूला हुआ मिला। जिसके कारण प्रारंभिक तौर पर कह सकते हैं कि हार्ट अटैक से मौत हुई है। दूसरा कोई कारण सामने नहीं आया। पिता सत्यदेव आर्य ने बताया कि अग्नि देव बाथरूम से बाहर आया था। तभी वह गिर गया और बेसुध हो गया। उसे महज 10 मिनट में ही प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अग्नि देव आर्य के पिता सत्यदेव आर्य सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर हैं। उनकी बहन अंजना आर्य न्यायालय में मुख्य लोक अभियोजक है। पिता सत्यदेव आर्य ने बताया कि बेटे के रिश्ते की बातें चल रही थीं। जल्द ही उसका रिश्ता तय कर शादी करने वाले थे।