बीकानेर: कुंड में गिरने से 13 साल की बच्ची की मौत, पानी निकालते समय फिसला पैर

11

बीकानेर: कुंड में गिरने से 13 साल की बच्ची की मौत, पानी निकालते समय फिसला पैर

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक हादसे में 13 साल की बालिका की कुंड में डूबने से मौत हो गई। राजपुरा गांव की रोही में स्थित कृषि कुंए पर यह घटना उस समय हुई, जब बालिका घरेलू उपयोग के लिए कुंड से पानी निकालने गई थी। हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता भंवरलाल जाट ने बताया कि वह गांव शेरेंरा का निवासी है और शेरूणा थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव की रोही में स्थित कृषि कुंए पर काश्त करता है। परिवार ने वहीं ढाणी बना रखी थी और उसी में रह रहा था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे भंवरलाल किसी काम से गांव गया हुआ था। ढाणी में उसकी पत्नी और 13 साल की पुत्री प्रियंका मौजूद थीं। इसी दौरान प्रियंका घरेलू उपयोग के लिए कुंड से पानी निकालने गई। पानी निकालते समय उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुंड में गिर गई।कुछ देर बाद जब प्रियंका दिखाई नहीं दी तो उसकी मां उसे तलाशते हुए कुंड के पास पहुंची। कुंड में झांकने पर प्रियंका नजर आई। मां ने आसपास के लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।