12th Pass Govt Job: राजस्थान में युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 804 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, जानें योग्यता और आयु सीमा

12th Pass Govt Job: राजस्थान में युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 804 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, जानें योग्यता और आयु सीमा

12th Pass Govt Job: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक संयुक्त सीधी भर्ती–2026 के अंतर्गत 804 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी की है। यह नियुक्तियां राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.rsmssb.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में माध्यमिक शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, संस्कृत शिक्षा विभाग, राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा कॉलेज शिक्षा विभाग शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 500 पद माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए निर्धारित किए गए हैं। कुल पदों में से 697 पद गैर-अनुसूचित क्षेत्र तथा 107 पद अनुसूचित क्षेत्र के लिए आरक्षित हैं।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो 12वीं विज्ञान वर्ग उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 668 पद रखे गए हैं, जबकि 12वीं कला वर्ग (भूगोल विषय) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 136 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक पदों के लिए होगी।

अभ्यर्थियों की आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 01 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। नियमानुसार आरक्षित वर्गों को आयु में छूट का लाभ दिया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 जनवरी 2026 से शुरू होगी और 25 फरवरी 2026 अंतिम तिथि रहेगी। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया, परीक्षा तिथि और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह भर्ती राज्य के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Scroll to Top