Rajasthan: 12वीं बोर्ड परीक्षा में नियमों की अनदेखी, परीक्षार्थी की उत्तरपुस्तिका में उत्तर लिखते सीसीटीवी में कैद हुई महिला वीक्षक; निलंबित
Rajasthan: 12वीं बोर्ड परीक्षा में नियमों की अनदेखी, परीक्षार्थी की उत्तरपुस्तिका में उत्तर लिखते सीसीटीवी में कैद हुई महिला वीक्षक; निलंबित
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं इन दिनों प्रदेशभर में जारी हैं। परीक्षा के दौरान नकल के तीन मामले सामने आ चुके हैं। ताजा प्रकरण 18 फरवरी को 12वीं कक्षा की संस्कृत साहित्य परीक्षा के दौरान सामने आया, जिसमें एक महिला वीक्षक को परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित वीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि करौली जिले के श्री महावीर मार्ग स्थित दिगंबर जैन उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा के दौरान महिला वीक्षक रविंद्र कुमारी एक छात्र की उत्तर पुस्तिका में जवाब लिखती नजर आईं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यह गतिविधि पकड़ी गई। इन कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग संबंधित जिले के अभय कमांड सेंटर और बोर्ड कार्यालय के कंट्रोल रूम से की जाती है।
बोर्ड के एक कर्मचारी ने निगरानी के दौरान यह अनियमितता देखी और तुरंत केंद्र अधीक्षक को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद द्वितीय प्रभारी को जानकारी दी गई। प्रकरण की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए महिला वीक्षक को निलंबित कर दिया।
20 मार्च को आएगा 10वीं का परिणाम:-
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं पिछले वर्षों की तुलना में पहले शुरू हुई हैं। ऐसे में परिणाम भी शीघ्र जारी करने की तैयारी है। सचिव ने बताया कि मूल्यांकन कार्य शुरू हो चुका है और सबसे पहले 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। 10वीं का रिजल्ट 20 मार्च को जारी करने की योजना है, जबकि इसके बाद 12वीं का परिणाम घोषित किया जाएगा।
बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।