राजस्थान: पुलिस कांस्टेबल ने किया घिनौना काम, गर्भवती महिला को बयान के बहाने बुलाकर किया दुष्कर्म
R.खबर ब्यूरो। जयपुर के सांगानेर में पुलिसकर्मी द्वारा गर्भवती महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस कांस्टेबल ने बयान दर्ज करने के बहाने महिला को होटल में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता का तीन साल का बेटा भी वहां मौजूद था। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके पति को जेल भेजने की धमकी दी। पीड़िता के पति ने शनिवार रात को हिम्मत जुटाकर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर लिया है।
एसीपी सांगानेर विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल भागाराम सांगानेर थाने में तैनात था। पीड़िता के पति ने अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात उसका अपने पड़ोसी से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और समझाइश के बाद घर भेज दिया।
शनिवार सुबह कांस्टेबल भागाराम बयान दर्ज करने के बहाने पीड़िता के घर पहुंचा। उस वक्त पीड़िता का पति घर पर नहीं था। कांस्टेबल ने महिला को कुछ दूरी पर बुलाया और उसे उसके तीन साल के बेटे के साथ बाइक पर बैठाकर होटल ले गया।
होटल रिसेप्शन पर कांस्टेबल ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए महिला के लिए एक कमरा लिया। उसने यह कहकर कमरा लिया कि महिला की तबीयत ठीक नहीं है और उसे कपड़े बदलने हैं। इसके बाद कमरे में महिला के साथ उसके बेटे के सामने दुष्कर्म किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके पति को जेल भेजने की धमकी दी और उसका मुंह कपड़े से बंद कर दिया।
घटना के बाद पीड़िता एफआईआर दर्ज कराना चाहती थी, लेकिन बदनामी के डर से उसका पति इसके लिए तैयार नहीं था। हालांकि शनिवार रात को उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को डिटेन कर लिया और जांच शुरू कर दी है।