नई दिल्ली, पाकिस्तान में फ्रांसीसी मूल की महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में 23 साल के मुख्य आरोपी शफकत अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हाईवे किनारे महिला के साथ उसके तीन बच्चों के सामने ही इस घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके खिलाफ पूरे पाकिस्तान में लोगों का गुस्सा भड़क गया था। लाहौर के साथ ही कराची, इस्लामाबाद, पेशावर और पाकिस्तान के अन्य कई शहरों में प्रदर्शन हुए और लोगों ने इमरान सरकार से दोषियों को सख्त सजा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पीड़िता ने बताया था कि लाहौर-सियालकोट हाईवे पर उसकी कार खराब हो गई थी। वह मदद के लिए इंतजार कर रही थी। उसी दौरान दो लुटेरे आए और बंदूक के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पाकिस्तान में विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद आलोचना झेल रहे प्रधानमंत्री इमरान खान ने बड़ा बयान किया है। उन्होंने आरोपियों को सरेआम फांसी पर लटकाने या इंजेक्शन के माध्यम से नपुंसक बनाने का समर्थन किया है।
इरान खान ने कहा कि दुष्कर्म के आरोपियों को ऐसी सजा दी जानी चाहिए, जो दूसरों के लिए सबक हो। मेरी राय में उन्हें चौक पर लटका दिया जाना चाहिए या नपुंसक बना देना चाहिए, ताकि उनमें डर पैदा हो और ऐसे अपराध रुकें। उन्होंने कहा कि जिस तरह हत्याओं को फर्स्ट डिग्री, सेकंड डिग्री और थर्ड डिग्री के रूप में बांटा जाता है, दुष्कर्म के मामलों को भी इस तरह से बांटा जाना चाहिए। इसके तहत फर्स्ट डिग्री वाले दुष्कर्म के आरोपियों को नपुंसक बना देना चाहिए, ताकि वो फिर इस तरह की हरकत को कभी अंजाम न दे सकें।