Murder: पत्नी और मासूम बेटी की हत्या के बाद रातभर शवों के पास बैठा रहा आरोपी, सुबह थाने जाकर किया सरेंडर
Murder: राजधानी जयपुर के दूदू क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 8 साल की बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी पर तलवार से हमला किया और बाद में जाग गई बेटी का गला दबाकर उसे भी मार डाला। वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही लोगों को घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। मामला मोजमाबाद तहसील के मोखमपुरा थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
रातभर शवों के पास बैठा रहा आरोपी:-
दूदू एसपी शिवलाल बैरवा के अनुसार गुरुवार सुबह मोजमाबाद तहसील के मोखमपुरा थाना क्षेत्र के बिचून गांव में डबल मर्डर की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि देर रात आरोपी सुरजीत सिंह ने तलवार से अपनी पत्नी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के दौरान पास में सो रही 8 साल की बेटी की नींद खुल गई, जिसके बाद आरोपी ने उसका भी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी और बेटी के शवों के पास ही बैठा रहा। सुबह जब गांव के लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो आरोपी ने खुद ही उन्हें बताया कि उसने दोनों की हत्या कर दी है।
खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर:-
घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मोखमपुरा थाने पहुंच गया और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतका 35 वर्षीय सरोज देवी और 8 वर्षीय वंशिका के शवों को दूदू उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान था आरोपी:-
परिजनों के अनुसार आरोपी सुरजीत सिंह दोने-पत्तल बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। करीब एक साल पहले उसे टीबी की बीमारी हो गई थी और उसका इलाज चल रहा था। बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण घर में अक्सर विवाद होते रहते थे। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात आरोपी का बड़ा बेटा अपने चाचा के साथ डीडवाना में एक शादी समारोह में गया हुआ था। घर में केवल सुरजीत, उसकी पत्नी सरोज देवी और 8 वर्षीय बेटी वंशिका ही मौजूद थे। देर रात पत्नी और बेटी छत पर सो रहे थे, तभी आरोपी तलवार लेकर वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम दे दिया।