Jaipur: जयपुर में कान्हा ग्रुप के ठिकाने पर जारी IT Raid में मिली ‘खुफिया दीवार’, अंदर छिपाए थे करोड़ों के जेवरात
Jaipur: जयपुर में कान्हा ग्रुप के ठिकाने पर जारी IT Raid में मिली ‘खुफिया दीवार’, अंदर छिपाए थे करोड़ों के जेवरात
Rajasthan News: जयपुर के चर्चित ‘कान्हा ग्रुप’ पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। लगातार चल रही इस छापेमारी ने अब हाई-प्रोफाइल जांच का रूप ले लिया है।
गुप्त दीवार के पीछे मिला स्ट्रॉन्ग रूम:-
तलाशी के दौरान टीम को एक संदिग्ध ‘खुफिया दीवार’ दिखाई दी। जांच में शक गहराने पर जब दीवार तोड़ी गई तो उसके पीछे एक पक्का स्ट्रॉन्ग रूम मिला। यहां से भारी मात्रा में कीमती ज्वेलरी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। फिलहाल सरकारी वैल्यूअर जब्त संपत्ति का आकलन कर रहे हैं।
10 से ज्यादा बैंक लॉकर रडार पर:-
सूत्रों के मुताबिक, समूह से जुड़े 10 से अधिक बैंक लॉकरों की जानकारी भी विभाग को मिली है। गुरुवार सुबह से इन लॉकरों को खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि इनमें बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज और सोने का बड़ा भंडार मिल सकता है।
रियल एस्टेट निवेश की भी जांच:-
जांच अब रेस्टोरेंट कारोबार से आगे बढ़कर रियल एस्टेट निवेश तक पहुंच गई है। अधिकारियों की टीमें आमेर स्थित Taj Amer और कूकस के कुंदन वन में हुए निवेश की कड़ियां खंगाल रही हैं। विभाग को संदेह है कि कारोबार में मुनाफा कम दिखाकर धन को लग्जरी प्रॉपर्टीज में लगाया गया।
कई शहरों में एक साथ कार्रवाई:-
राजस्थान के छह शहरों और मुंबई तक फैली इस कार्रवाई में अब तक बड़ी मात्रा में डिजिटल डाटा, नकद लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई की व्यापकता को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि छापेमारी चौथे दिन भी जारी रह सकती है। विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।