जयपुर: ACB की बड़ी कार्रवाई, पटवारी और दलाल को इतने रुपये की रिश्वत लेते किया ट्रैप
ACB Action: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) लगातार घूसखोरी के मामलों में कार्रवाई कर रहा है। विभिन्न विभागों में रिश्वत लेने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर शिकंजा कसा जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जयपुर ग्रामीण के बस्सी क्षेत्र से सामने आया है, जहां एसीबी की टीम ने एक पटवारी और उसके दलाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित से 30 हजार रुपये की रिश्वत तय की गई थी।
तासमा रिपोर्ट के नाम पर मांगी थी रिश्वत:-
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी विक्रम और उसका एक दलाल तासमा रिपोर्ट तैयार करने के बदले उससे रिश्वत की मांग कर रहे थे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर 30 हजार रुपये देने का दबाव बनाया और लगातार परेशान किया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।
सत्यापन के बाद बिछाया गया ट्रैप:-
मामले की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और ट्रैप बिछाया। जयपुर ग्रामीण के बस्सी इलाके में टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी और उसके दलाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई एसीबी के एएसपी सुनील सिहाग के नेतृत्व में की गई। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच की जा रही है