बीकानेर: कचरा संग्रहण के बदले अब देना होगा यूजर चार्ज
बीकानेर। स्थानीय निकाय विभाग के प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव मंगलवार को बीकानेर पहुंचे। अधिकारियों की बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए यूजर चार्जेज वसूलने के लिए कहा। ये मुद्दा लंबे समय से लंबित है। निगम की साधारण सभा में यूजर चार्ज ना वसूलने के लिए पार्षदों ने मुद्दा उठाया था। यादव ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों को कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, यूडी टैक्स संग्रहण, नगरीय क्षेत्रों के एरिया बढ़ोत्तरी प्रस्तावों सहित तमाम बिंदुओं को समझा। एफएसटीपी प्लांट्स की स्थिति तथा इनके लिए भूमि आवंटन की स्थिति के बारे में भी जाना और कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के नगरीय निकायों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने के लिए 4 हजार हूपर्स एवं एक लाख स्ट्रीट लाइट्स दी जाएंगी। इसके लिए बीकानेर अपनी जरूरत का प्रस्ताव तत्काल भेजे। प्रत्येक नगरीय निकाय की ओर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए घरों के आधार पर यूजर चार्जर लेना शुरू करे। इसके लिए वार्ड और मोहल्ला स्तर पर अभियान चलाएं। यूडी टैक्स वसूली को अनवरत कार्यक्रम बनाने के लिए कहा। नगरीय निकायों की ओर से जल्दी ही पौधारोपण करवाया जाना है। पौधरोपण के बाद पौधे जीवित रहें इसकी जिम्मेवारी निकायों की होगी। संबंधित निकाय की नगरीय निकायों की सीमा शुरू होने से एक किलोमीटर पहले तक पौधारोपण किया जाए।