एक्टर ऋतिक रोशन की बढ़ी मुश्किलें: ‘डर के आगे जीत है’ वाले विज्ञापन पर कोर्ट का बड़ा एक्शन, थमाया नोटिस
एक्टर ऋतिक रोशन की बढ़ी मुश्किलें: ‘डर के आगे जीत है’ वाले विज्ञापन पर कोर्ट का बड़ा एक्शन, थमाया नोटिस
झालावाड़। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झालावाड़ ने एक शीतल पेय के कथित भ्रामक विज्ञापन को लेकर दायर परिवाद पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने फिल्म अभिनेता ऋतिक रोशन, शीतल पेय ब्रांड माउंटेन ड्यू की निर्माता कंपनी पेप्सी और वरुण बेवरेज को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
परिवादी एडवोकेट गुरुचरण सिंह ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 की धारा-35 के तहत शिकायत पेश करते हुए आरोप लगाया कि कंपनी अपने विज्ञापनों में यह दर्शाती है कि शीतल पेय पीने से डर खत्म हो जाता है और व्यक्ति साहसी कार्य करने में सक्षम हो जाता है। विज्ञापन की टैगलाइन “डर के आगे जीत है” से प्रभावित होकर उन्होंने उत्पाद खरीदा, लेकिन सेवन के बाद उन्हें ऐसा कोई अनुभव नहीं हुआ।
एडवोकेट ने तर्क दिया कि पेय पदार्थ में ऐसी कोई वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित सामग्री नहीं है, जो डर समाप्त करने या साहस बढ़ाने का दावा साबित कर सके। उन्होंने इसे उपभोक्ताओं को गुमराह करने और धोखाधड़ी का मामला बताया।
प्रारंभिक सुनवाई में आयोग ने शिकायत को प्रथम दृष्टया विचारणीय मानते हुए स्वीकार कर लिया। आयोग ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर एक माह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अब मामले की अगली सुनवाई में कंपनियों और अभिनेता की ओर से जवाब पेश किया जाएगा, जिसके बाद आयोग आगे की कार्रवाई तय करेगा।