Accident: शादी समारोह से लौटते समय भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रोले से टकराई बाइक, पति-पत्नी समेत तीन की दर्दनाक मौत

post 721 (1)

Accident: शादी समारोह से लौटते समय भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रोले से टकराई बाइक, पति-पत्नी समेत तीन की दर्दनाक मौत

Accident News: डूंगरपुर, जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बोरी गांव के पास गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी भाभी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। तीनों मृतकों के 15 बच्चे हैं, ऐसे में इनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

पुलिस के अनुसार ढेड़कों का वेला निवासी 54 वर्षीय मगनलाल खराड़ी, जो राजकीय विद्यालय में अध्यापक थे, गुरुवार को हिराता गोल आंबा में आयोजित एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी विमला (45) और भाभी ललिता (45) भी बाइक पर सवार थीं। सीमलवाड़ा मार्ग पर बोरी मोड़ के समीप रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रोले से उनकी बाइक टकरा गई।

पति-पत्नी की मौके पर मौत, भाभी ने उपचार के दौरान तोड़ा दम:-

हादसा इतना दर्दनाक था कि मगनलाल और उनकी पत्नी विमला की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ललिता को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उदयपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

कोतवाली थाना पुलिस ने मृतक के भाई कांतिलाल खराड़ी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

गांव में शोक की लहर:-

मगनलाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय पगारा फला में शिक्षक थे। उनके आठ बच्चे हैं, जिनमें छह बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। वहीं ललिता के सात बच्चे हैं। उनके पति का निधन करीब तीन वर्ष पहले हो चुका था। इस हादसे के बाद परिवार के कुल 15 बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

You may have missed