IPL 2026 में RCB की जीत की रफ्तार थमी, हार के बाद विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी के लिए लिख दी ये बात

IPL 2026: 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में एक बार फिर जमकर गरजा। उन्होंने महज 26 गेंदों में 300 के स्ट्राइक रेट से 76 रन ठोककर यह साफ कर दिया कि वह सिर्फ एक मैच के हीरो नहीं, बल्कि लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं।
अब तक खेले गए चार मुकाबलों में सूर्यवंशी 200 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 266 का है, जो आईपीएल 2026 में उनकी जबरदस्त फॉर्म को दर्शाता है। उनकी इस दमदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को शिकस्त दी। दिलचस्प बात यह रही कि विरोधी टीम के खिलाड़ी भी उनकी बल्लेबाजी के मुरीद नजर आए।
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी सूर्यवंशी की पारी की जमकर सराहना की। इस शानदार प्रदर्शन के लिए सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साथ ही वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं और उनके सिर पर ऑरेंज कैप भी सज गई है।
कोहली का खास संदेश:-
विराट कोहली ने मैच के बाद युवा खिलाड़ी के लिए एक खास मैसेज लिखा—“Well Done Vaibhav Sooryavanshi”, जो उनके आत्मविश्वास को और बढ़ाने वाला है।
मैच का हाल:-
गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 201 रन बनाए, जिसमें रजत पाटीदार ने 63 रन की पारी खेली। जवाब में राजस्थान ने सूर्यवंशी के 76 और ध्रुव जुरेल के नाबाद 81 रन की बदौलत 18 ओवर में 6 विकेट से मैच जीत लिया।
लगातार चार जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। टीम के 8 अंक हैं और नेट रनरेट +2.055 है। वहीं आरसीबी 3 में से 2 मैच जीतकर 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है।