जयपुर: एनएफएसए उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, एक साथ मिलेगा मिलेगा तीन महीने का मुफ्त गेहूं

post 1326 (1)

जयपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के तहत राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने मई और जून माह के लिए नि:शुल्क गेहूं का आवंटन जारी कर दिया है। इसके चलते पात्र उपभोक्ताओं को अप्रैल में ही तीन माह का गेहूं एक साथ मिल सकेगा।

इस संबंध में विभाग के उपायुक्त एवं उपशासन सचिव सुनील पूनिया द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार अंत्योदय (AAY), बीपीएल, स्टेट बीपीएल और प्राथमिकता श्रेणी (PHH) के सभी पात्र राशनकार्डधारियों को तय मानकों के अनुसार गेहूं वितरित किया जाएगा।

विभाग ने दिए ये निर्देश:-

विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मई और जून के लिए आवंटित गेहूं का उठाव तुरंत शुरू किया जाए और 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय सीमा में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।

वन नेशन-वन राशन कार्ड का लाभ:-

‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ योजना के तहत अन्य राज्यों के लाभार्थियों को भी राहत दी गई है। पिछले तीन माह में वितरित अधिकतम मात्रा के आधार पर अतिरिक्त आवंटन सुनिश्चित किया गया है, ताकि प्रवासी लाभार्थियों को भी योजना का पूरा लाभ मिल सके।

पारदर्शिता के साथ वितरण व्यवस्था:-

मई और जून का गेहूं अप्रैल माह के कोटे के साथ प्राथमिकता के आधार पर वितरित किया जाएगा। जिला रसद अधिकारियों को भारतीय खाद्य निगम (FCI) से पूरा स्टॉक उठाकर उचित मूल्य की दुकानों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

वितरण के दौरान उपभोक्ताओं को पीओएस मशीन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर वास्तविक वजन दिखाने के बाद ही राशन दिया जाएगा। साथ ही आवंटन, उठाव और वितरण से जुड़ी सभी जानकारी विभागीय पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।