R.खबर ब्यूरो। बीकानेर रेंज में 1032 हिस्ट्रीशीटर, 51 नए बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोली, 269 इनामी बदमाशों को पकड़ा।
बीकानेर, पुलिस विभाग के लिए साल 2024 कई खट्टी-मीठी यादों को छोड़ कर गुजर गया। बीकानेर रेंज व जिला पुलिस पूरे साल अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ी। इसके चलते पुलिस ने कई उपलिब्धयां हासिल की। जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग ने आधुनिक पुलिस के तौर-तरीके अपनाए थे। तकनीकी सहारे से नतीजा यह निकला कि बीते साल में पुलिस ने 269 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस द्वारा अब 51 नए बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोली गई।
यह फॉर्मूला आया काम:-
बीकानेर रेंज की बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ पुलिस ने वर्ष 2024 में केस ऑफिसर स्कीम में 363 मामले लिए, जिसमें पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और कोर्ट में चालान किया जिससे पुलिस ने 25 मामलों में सजा कराई। रेंज के चार जिलों ने 63 हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार वर्तमान में 12 हार्डकोर अपराधी न्यायिक हिरासत में हैं। 47 हार्डकोर अपराधी जमानत पर चल रहे हैं और 6 फरार चल रहे हैं। राजपासा में चार, 110 CRPC में 38 के खिलाफ कार्रवाई की गई। 61 हार्डकोर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
कितने और किस तरह के बदमाशों को पकड़ा:-
वर्ष 2023 में 500 से 10 हजार के 68 इनामी बदमाशों को पकड़ा, जिसमें 2 रेंज और 66 जिलास्तर के थे।
जानकारी के अनुसार 10 हजार से 30 हजार तक के 42 इनामी बदमाशो में से 3 को रेंज स्तर और 39 को जिला स्तर पर पकड़ा, 30 हजार से 50 हजार तक के रेंज स्तरीय पांच इनामी बदमाशो को पकड़ा, 50 हजार से अधिक के पांच मुख्यालय स्तर के इनामी बदमाशों को पकड़ा। इसी प्रकार वर्ष 2024 में 269 बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिसमें 7 रेंज स्तर और 262 जिलास्तर के बदमाश शामिल हैं। वर्ष 2024 में रेंज में 24 बदमाशों को टॉप-10 सूची में शामिल किया गया था, जिसमें से केवल 4 को ही पकड़ा जा सका है।
सबसे अधिक टॉप-10 के बदमाश बीकानेर जिले से हैं, जिनकी संख्या 12 है। दूसरे नंबर पर हनुमानगढ़ के 10 बदमाशो का नाम शामिल हैं। अनूपगढ़ में 4 और श्रीगंगानगर में केवल 2 बदमाशो का नाम शामिल हैं।
यह काम रहे विशेष:-
- 63 हार्डकोर अपराधी रेंज में चिन्हित है।
- 1361 प्रकरण दर्ज हार्डकोर के खिलाफ।
- 555 प्रकरण रेंज में आर्म्स एक्ट के दर्ज कर 572 को गिरफ्तार किया।
- 374 अवैध हथियार, कारतूस 1115, धारदार हथियार 193 जब्त किए गए।
- 1255 प्रकरण एनडीपीएस के दर्ज कर 1706 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- 2194 प्रकरण आबकारी विभाग के अधिनियम के तहत दर्ज कर 1782 को गिरफ्तार किया।
- 76 प्रकरण अवैध खनन के दर्ज कर 46 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
- 57 को केस ऑफिसर स्कीम में किया गिरफ्तार।
पुलिस पब्लिक पंचायत से मिली याति:-
पुलिस के आईजी ओमप्रकाश ने आमजन के बीच में विश्वास बढ़ाने के लिए शुरू किया गया पुलिस पब्लिक पंचायत प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्ण रहा। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश को 30 नवंबर 2024 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं के शिखर समेलन में इस उपलब्धि के लिए नवाजा गया।
आमजन में बढ़ा विश्वास:-
पुलिस अब मैन पावर के साथ-साथ टैक्नोलॉजी के समन्वय से काम कर रही है। इस का नतीजा यह है कि बदमाशों में भय आमजन में पुलिस का विश्वास बढ़ा है। पुलिस के सामाजिक सरोकार जैसे पुलिस पब्लिक पंचायत, पुलिस विद्यार्थी चौपाल, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्रों की मदद से अपराधों पर अंकुश लगा है।