राजस्थान में बड़ा हादसा, ‘निकासी’ में जा घुसी अनियंत्रित कार, नाचते-गाते लोगों में मच गई अफरा-तफरी

राजस्थान में बड़ा हादसा, ‘निकासी’ में जा घुसी अनियंत्रित कार, नाचते-गाते लोगों में मच गई अफरा-तफरी
कोटा। जिले के नयापुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब नौ बजे अनियंत्रित कार गाजे-बाजे के साथ निकाली जा रही निकासी में घुस गई। कार की टक्कर से निकासी में शामिल 9 जने घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया। जहां दो बालिकाओं के गंभीर चोट आने से भर्ती किया गया है। जबकि बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घटना की सूचना पर नयापुरा पुलिस भी हॉस्पिटल पहुंची। हॉस्पिटल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हादसे में घायल शुभम ने बताया कि नयापुरा सब्जी मंडी इलाके में निकासी निकल रही थी। निकासी में महिलाएं, बच्चे भी शामिल थे। जो गाजे-बाजे के साथ नाचते चल रहे थे। चमन होटल की गली से अचानक तेज रफ्तार कार आई और अनियंत्रित होकर निकासी में घुस गई। कार सवार ने एक के बाद एक कई लोगों को चपेट में लिया। नयापुरा थाना एसआइ संतोष ने बताया कि घायलों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। गंभीर घायल मोना और विनिता को अस्पताल में भर्ती किया गया है।