बीकानेर: शादी समारोह के दौरान महिला के बैग से 110 ग्राम सोने के बाजूबंद चोरी, मामला दर्ज

बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक महिला के बैग से करीब 110 ग्राम सोने के बाजूबंद चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के चेनासर सतैरण निवासी सावित्री पत्नी बृजलाल बिश्नोई ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 3 जुलाई को अपनी बेटियों संजू और विनीता तथा पुत्रवधू कविता के साथ अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए बीकानेर के रामपुरा बस्ती स्थित अपने जीजा गंगाजल पुनिया के घर आई थीं।
परिवादिया के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने अपने कपड़ों का बैग एक कमरे में रख दिया था। शाम करीब 6 बजे जब बैग खोला गया तो उसमें रखी दो जोड़ी (चार नग) सोने के बाजूबंद गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों का कुल वजन करीब 110 ग्राम बताया गया है।
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बाजूबंद नहीं मिले। इसके बाद मुक्ताप्रसाद नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई हीरासिंह को सौंपी है। पुलिस शादी समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।