बीकानेर: डोमिनोज की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर व्यक्ति से 18 लाख से अधिक की ठगी, मामला दर्ज

बीकानेर। नोखा में डोमिनोज की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 18 लाख 46 हजार 500 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पींपली चौक निवासी राजा चांडक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह नोखा में डोमिनोज की फ्रेंचाइजी शुरू करना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने 17 अप्रैल को कंपनी की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर संपर्क किया।
शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने खुद को डोमिनोज इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी अवनीत सिंह पुरी और समीर बत्रा बताते हुए ई-मेल के जरिए संपर्क किया। आरोपियों ने प्रार्थी को लेटर ऑफ इंटेंट भेजकर भरोसे में लिया।
इसके बाद आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन शुल्क, सरकारी एनओसी और ब्रांड फीस के नाम पर 3 जून से 6 जून के बीच अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 18 लाख 46 हजार 500 रुपये जमा करवा लिए।
पीड़ित का आरोप है कि राशि जमा कराने के बाद आरोपियों ने ऑडिट और साइट निरीक्षण का हवाला देकर मुलाकात टालनी शुरू कर दी। बाद में उनके मोबाइल फोन बंद हो गए, जिससे उसे ठगी का एहसास हुआ।
धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की पहचान और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।