श्याम बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने खाटू जा रहे हैं तो रुकिए…19 घंटे बंद रहेंगे मंदिर के पट, जानिए कब और क्यों

सीकर। खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अनुसार बाबा श्याम के विशेष तिलक-शृंगार अनुष्ठान के चलते मंदिर के पट 18 जून की रात 10 बजे से अगले 19 घंटे तक बंद रहेंगे।
मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि परंपरा के अनुसार अमावस्या के बाद बाबा श्याम का विशेष तिलक-शृंगार किया जाता है। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई जाती है और बाबा के मस्तक पर चंदन का विशेष लेप लगाया जाता है।
उन्होंने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होने वाली इस प्रक्रिया में 8 से 10 घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है। इस दौरान मंदिर में केवल अधिकृत पुजारियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार 18 जून की रात 10 बजे पट बंद होने के बाद 19 जून को पूरे दिन श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे। तिलक-शृंगार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 जून को शाम 5 बजे मंदिर के पट पुनः खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद नियमित दर्शन और पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी।
श्री श्याम मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खाटूधाम आने से पहले मंदिर के दर्शन समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।