खाजूवाला में नशे पर बड़ा प्रहार, मकान से 13,300 नशीली टैबलेट बरामद

खाजूवाला, जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत खाजूवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13,300 अवैध नशीली गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में एक महिला को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।

थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और वृत्ताधिकारी खाजूवाला के सुपरविजन में थाना खाजूवाला पुलिस ने प्रकरण संख्या 89/2026 में संदिग्ध राकेश कुमार बिश्नोई की तलाश के दौरान उसके निवास स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक महिला घर के अंदर से एक बैग लेकर बाहर की ओर भागने लगी। पुलिस ने संदेह होने पर बैग की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध नशीली गोलियां बरामद हुईं।
मामले की सूचना औषधि निरीक्षक (ड्रग्स इंस्पेक्टर) को दी गई, जिनकी मौजूदगी में ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जांच में बैग से कुल 13,300 नशीली गोलियां बरामद हुईं, जिनमें प्रेगाबालिन न्यूरो-300 की 8,000 गोलियां तथा टेपेंटाडोल की 5,300 गोलियां शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से राकेश कुमार की पत्नी अंजू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि उक्त गोलियां उसके पति राकेश कुमार द्वारा दुकान से लाकर घर में रखी गई थीं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा नशीले पदार्थों की आपूर्ति और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना खाजूवाला के थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत सहित पुलिस टीम और औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।