हनुमानगढ़ में विवाहिता हत्याकांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; पढ़े पूरी खबर

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में विवाहिता मनजीत कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो दिन के भीतर ही मामले का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मनोज खान उर्फ फौजी निवासी जंडावाली अपने पिता रमजान खान और मृतका मनजीत कौर के बीच मेल-मिलाप को लेकर नाराज था।
कई बार समझाने के बावजूद महिला नहीं मानी, जिसके बाद मनोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
एसपी मीणा ने बताया कि 4 जून को गांव चिश्तिया निवासी जसवंत सिंह बावरी ने थाना जंक्शन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी मनजीत कौर 3 जून को रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में सूचना मिली कि अग्रसेन चौक, श्रीगंगानगर रोड के पास कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या और एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज:-
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और एफएसएल व एमओबी टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
वृताधिकारी मीनाक्षी आरपीएस के नेतृत्व और थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की।
पांच आरोपी गिरफ्तार:-
जांच के बाद पुलिस ने दबिश देकर मनोज खान उर्फ फौजी (23), रफीक खान उर्फ रफी (19), अकरम (21), इमरान खान उर्फ कालू (20) और जफर हुसैन (20) सभी निवासी जंडावाली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।