ट्रक में घुसी कार, 2 सरकारी कर्मचारियों समेत 3 की मौत, रास्ता भटक कर हाईवे पर चले गए थे

7

ट्रक में घुसी कार, 2 सरकारी कर्मचारियों समेत 3 की मौत, रास्ता भटक कर हाईवे पर चले गए थे

उदयपुर जिले में तेज रफ्तार कार ट्रक में घुस गई। हादसे में दो सरकारी कर्मचारी समेत 3 लोगों की मौत हो गई। कार सवार वीडीओ उदयपुर में एसीआर भरवाने आए थे। लौटते समय उदयपुर के देबारी से चित्तौड़गढ़ की तरफ टर्न लेना था, लेकिन वे रास्ता भूल गए और पिंडवाड़ा हाईवे पकड़ लिया। कुछ दूर चलते ही एक्सीडेंट हो गया। हादसा उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाइवे पर अंबेरी पुलिया पर गुरुवार रात करीब सवा दस बजे हुआ। हादसे में झालावाड़ कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचमुखी हनुमान मार्ग निवासी राधेश्याम (58), वार्ड 14 मंगलपुरा निवासी कमल किशोर (60) और बारां जिले के छीपाबड़ौद के गुल खेड़ी निवासी हेमराज (54) की मौत हो गई।

झालरापाटन पंचायत समिति में वीडीओ राधेश्याम और रिटायर्ड वीडीओ कमल किशोर झालावाड़ से अपनी एसीआर भरवाने उदयपुर की सराड़ा पंचायत समिति में बीडीओ जितेंद्र सिंह के पास आए थे। लौटते समय सलूंबर जिले के सराड़ा पंचायत समिति में सहायक कर्मचारी हेमराज उनसे मिला। बातों-बातों में तय हो गया कि हेमराज उनके साथ झालावाड़ जाएगा। वहां से वह अपने गांव छीपाबड़ौद के गुलखेड़ी चला जाएगा। सभी शाम को करीब 6:30 झालावाड़ के लिए रवाना हो गए। रास्ते में कुछ देर उदयपुर रुके। इस कारण लेट हो गए।